बनबसा बैराज से पानी छोड़े जाने से लखीमपुर खीरी जिले में शारदा नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है। शनिवार को नदी का पानी एक बार फिर पलिया-भीरा मार्ग पर बहने लगा। कुछ दिन पूर्व ही इस मार्ग पर आवागमन बहाल हुआ है। हालांकि अभी छोटे वाहनों का आवागमन हो रहा है। मार्ग पर पानी बहाव अधिक होने के कारण पुलिस ने शनिवार को वाहन चालकों से निघासन मार्ग से निकलने के लिए कहा। इस दौरान कांवाड़ियों का जत्था भी पलिया-भीरा मार्ग से होकर गुजरा। जिसके चलते कोतवाल विवेक कुमार उपाध्याय अतरिया के आगे पुलिया के पास पुलिस बल के साथ खड़े हो गए। वाहनों और कांवड़ियों के जत्थों को सुरक्षित तरीके से वहां से निकलवाया।