लखीमपुर खीरी के हैदराबाद क्षेत्र में बिजली का तार बाइक पर गिरने से मां-बेटे समेत तीन की मौत हो गई। जबकि मृतका की मां और बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। ये पांचों एक ही बाइक पर सवार होकर पीलीभीत जा रहे थे। मृतका का नाबालिग भाई बाइक चला रहा था। उसकी भी जान चली गई। इस दर्दनाक घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और बिजली निगम के अफसरों को तत्काल मौके पर पहुंचने के साथ ही घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराएं। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने के निर्देश दिए गए हैं।