लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी तहसील क्षेत्र में एक ग्रामीण ने कानूनगो को खेत नपाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इस पर कानूनगो ने ग्रामीण से छह हजार रुपये की रिश्वत मांगी। ग्रामीण ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। एंटी करप्शन की टीम ने ग्रामीण से संपर्क किया। बृहस्पतिवार को ग्रामीण रुपये लेकर कानूनगो के पास पहुंचा। उसी दौरान एंटी करप्शन की टीम ने कानूनगो को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम कानूनगो को अपने साथ लेकर चली गई। मोहम्मदी निवासी घनश्याम पाठक ने खेत नपाई को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। प्रार्थना पत्र की सुनवाई करते हुए लेखपाल और कानूनगो ने खेत नपाई करने पर टाल मटोल करते रहे। पीड़ित का कहना था कि कई बार कहने के बाद कानूनगो भूपेंद्र ने छह हजार रुपये की डिमांड रख दी। पीड़ित ने रिश्वत देने में असर्थमता जताई। इसके बाद भी खेत की नपाई नहीं हो सकी। रिश्वत मांगने की शिकायत पीड़ित घनश्याम ने एंटी करप्शन से की। एंटी करप्शन टीम ने तहसील परिसर में बृहस्पतिवार दोपहर कानूनगो को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। टीम कानूनगो भूपेंद्र को गिरफ्तार करने के बाद कोतवाली पुलिस के साथ सीएचसी लेकर आई। मेडिकल परीक्षण के बाद कानूनगो को टीम वापस कोतवाली लेकर गई। तहसीलदार अरुण कुमार ने बताया कि कानूनगो भूपेंद्र को एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा है।