लखीमपुर खीरी के मझगईं वन रेंज क्षेत्र के दिलवाल पुरवा गांव के पास बुधवार को खेतों में बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। बाघ के खेतों में घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आसपास के गांवों के लोग भी सहमे हुए हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, मंगलवार शाम बाघ पहले दिनेश के खेत में दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह संत कुमार के खेत की ओर चला गया। बाघ को देखते ही खेतों में काम कर रहे किसान और मवेशी चरा रहे लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भाग निकले।
क्षेत्र के लोगों में भय
गांव के अंकित और सरजीत ने बताया कि उन्होंने बाघ का वीडियो अपने मोबाइल फोन से बनाया, जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को लेकर लोगों में भय का माहौल है।
क्षेत्रीय वनाधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को भेजा गया है, वहीं ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है कि बरसात होने के चलते वन्य जीव अब खेतों और जंगल से बाहर निकल रहे हैं। इसलिए सतर्क और सावधान रहें।