कौशाम्बी पुलिस ने 25 लाख के 121 मोबाइल खोजकर लौटाए जनपद के सभी थानों की पुलिस ने सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल, सर्विलांस और तकनीकी विश्लेषण की मदद से विभिन्न कंपनियों के कुल 121 खोए, चोरी और स्नेचिंग के मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। एसपी सत्यनारायण ने बताया कि विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर सीसीटीएनएस टीम और कंप्यूटर ऑपरेटरों ने मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण कर उन्हें ट्रैक किया। बरामदगी में मंझनपुर थाना 20 मोबाइल के साथ पहले, सराय अकिल 19 मोबाइल के साथ दूसरे और पश्चिम शरीरा 18 मोबाइल के साथ तीसरे स्थान पर रहा। करारी से 16, सैनी से 15, चरवा से 12, महेवाघाट और कड़ाधाम से छह-छह, संदीपनघाट से पांच, कोखराज से दो और पिपरी और मोहब्बतपुर पइंसा से एक-एक मोबाइल बरामद किए गए।