कासगंज के नगला सैयद गांव में घास काटने के मामूली विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई और लाठी-डंडे चले। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो बुधवार को वायरल हो गया। पुलिस ने घायल महिलाओं का मेडिकल कराया है। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। गांव निवासी सुधा पत्नी महेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन पहले वह घर पर अकेली थीं, तभी गांव के लटूरी, राजवीर, दिनेश, नगीना और सुनीता उनके घर पहुंच गए। घास काटने का आरोप लगाते हुए उनकी, बेटी तेजस्वनी और पति महेश की पिटाई कर दी। लाठी मारकर पति का सिर फोड़ दिया। फिर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उधर, दूसरे पक्ष की नगीना ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह खेत से घर जा रही थी। इस दौरान महेश ने रास्ते में रोक कर उससे गाली-गलौज की। उसने घर पहुंचकर इसकी जानकारी परिजनों को दी तो वह महेश के घर शिकायत करने गए थे। इस दौरान महेश, उसकी पत्नी सुधा व अन्य ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान उसे और भाई दिनेश को सिर में चोटें आई हैं। नगीना के पिता लटूरी ने बताया कि महेश व उसकी पत्नी अक्सर उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाता है। एक साल पहले उसकी भूसे के ढेर में आग लगा दी थी। मामले में सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों में घास काटने को लेकर विवाद हो गया था। घायलों का मेडिकल कराया गया है। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। राजवीर और महेश को हिरासत में लेकर शांति भंग में कार्रवाई की गई है।