कल्याणपुर में गलत इलाज की वजह से युवक की मौत के मामले में डॉक्टर व अस्पताल के दो संचालकाें के खिलाफ मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की गई। सोमवार को परिजनों ने गलत इलाज का आरोप लगाकर हंगामा किया था। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील किया था। कानपुर देहात के पलिया बांसखेड़ा गांव निवासी रामदास ने बताया कि बेटे अमन कुमार (23) को पेट में दर्द की शिकायत पर सात जून को बिल्हौर स्थित एसके अस्पताल ले गए। वहां से कल्याणपुर स्थित चन्द्रा अस्पताल रेफर कर दिया। आठ जून को भर्ती कराने के लिए पहले दस हजार रुपये जमा कराए। उसके बाद हॉस्पिटल में 25 हजार की दवाएं मंगा ली गई। बेटा रविवार को आराम से बात कर रहा था।