शहर में 22 साल बाद हुई 35वीं राज्यस्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। अंतिम दिन वाराणसी मंडल ने सर्वाधिक 78 अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन बनने के साथ ट्रॉफी जीती। 68 अंक जुटाकर मेरठ मंडल दूसरे स्थान पर रहा। स्व. रतन लाल शर्मा स्टेडियम में हुए समारोह में मुख्य अतिथि डिप्टी डायरेक्टर राजू राणा ने विजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। खो-खो में आजमगढ़ और मिर्जापुर ने प्राथमिक व जूनियर बालक तथा वाराणसी और बस्ती ने बालिका वर्ग में पहला स्थान पाया। जिम्नास्टिक में प्रयागराज ने बालक व बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान पाया। हैंडबॉल में प्रयागराज ने बालक और आजमगढ़ ने बालिका वर्ग में अपना परचम लहराया। वॉलीबॉल बालक वर्ग में मेजबान कानपुर तथा बालिका वर्ग में अयोध्या प्रथम रहे।