कैंट थानाक्षेत्र में मुरे कंपनी पुल पर रविवार तड़के तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गया। हादसे में डंपर चालक व परिचालक घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार तड़के एक खाली डंपर कैंट से मालरोड नरोना चौराहे की तरफ जा रहा था। तभी अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए सेंट कैथरीन अस्पताल की तरफ करीब 40 फीट नीचे गिर गया। गनीमत रही कि पुल के नीचे ऑटो पार्ट्स की दुकानें बंद होने से भीड़ नहीं थी। जिससे बड़ा हादसा टल गया। वही डंपर के गिरने से चालक कानपुर देहात के रनियां निवासी कृष्णा घायल हो गया। साथ ही परिचालक पिंटू को भी चोटें आई हैं। सूचना पाकर मौके पर डंपर मालिक पहुंचा और चालक को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गया।