गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के राजधानी मार्ग सब्जी मंडी स्थित एक गेस्ट हाउस में शुक्रवार की रात विवाह समारोह में डीजे पर पहले डांस करने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई। इस झगड़े में एक पक्ष के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान फायरिंग की भी बात सामने आ रही, लेकिन पुलिस इससे इन्कार कर रही। घायल की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मोहल्ला कंचन नगर निवासी देवेंद्र सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि शुक्रवार की रात वह राजधानी मार्ग सब्जी मंडी स्थित एक गेस्ट हाउस में अपने मित्र के भाई के विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। वहां मोहल्ला गांधी नगर निवासी गौरांश भटट्, शिवम मिश्रा व रहमत नगर निवासी मोहम्मद अर्समान ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। बीच बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त मोनू यादव निवासी कंचन नगर को भी उन लोगों ने मारपीटकर घायल कर दिया। तहरीर में कहा है कि डीजे पर पहले डांस करने को लेकर झगड़ा हुआ है।