कोतवाली गंगाघाट के जाजमऊ और नवीन गंगापुल पर एक-एक घंटे जाम रहने के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। जाजमऊ गंगापुल के कानपुर छोर पर पवित्र जोड़ा साहिब यात्रा निकलने के कारण और नवीन गंगापुल मोड़ पर छठ पूजन के बाद भीड़ बढ़ने से जाम लगा रहा। पुलिस के पहुंचने पर दोनों जगह जाम खुला जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। मंगलवार सुबह छठ पूजा का समापन होने के बाद सात से आठ बजे के बीच नवीन गंगापुल मार्ग पर भीड़ बढ़ने से जाम लग गया। वाहनों की कतार पोनी तिराहे तक पहुंच गई। इस दाैरान कई वाहन आड़े-तिरछे फंस गए। इसकी जानकारी होने पर कोतवाली गंगाघाट प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाया। वहीं शाम पांच से छह बजे के बीच जाजमऊ गंगापुल पर जाम लग गया। बताया गया कि कानपुर छोर पर दिल्ली से पटना साहिब जा रही पवित्र जोड़ा साहिब यात्रा का स्वागत किया गया। इसकी वजह से लखनऊ से कानपुर छोर और कानपुर छोर से लखनऊ छोर की ओर जाने वाले वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। यात्रा के रवाना होने के बाद जैसे ही जाम खुला तो गंगापुल की लखनऊ लेन पर उन्नाव की ओर जा रहा पिकअप खराब हो गया जिससे फिर आवागमन बाधित होने लगा। पुलिस ने पिकअप को हटवा कर यातायात बहाल कराया।