मर्चेंट्स चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश की सूचना एवं प्रौद्योगिकी समिति की ओर से गुरुवार को चैंबर सभागार में सत्र का आयोजन किया गया। इसका विषय साइबर सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट और धोखाधड़ी के व्यावहारिक पहलू था। वक्ताओं ने कहा कि साइबर अपराध व्यक्तिगत, व्यावसायिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। मुख्य वक्ता कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग आईआईटी के प्रोफेसर संदीप के सक्सेना ने बताया कि साइबर ठग हर दिन ठगी करने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। मौजूदा समय में बुजुर्गों, पेशेवरों को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि इनसे बचने का सही तरीका जागरूकता है।