मंधना से कुरसौली मार्ग पर रविवार दोपहर तेज धूप और लू के बीच कुछ गायें सड़क किनारे आवारा मवेशियों की तरह घूमती नजर आईं। खास बात यह रही कि इन गायों के कानों में गौशाला के टैग लगे हुए थे, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी और सवाल दोनों खड़े हो गए। मैदा फैक्ट्री के पास घूम रही इन गायों को देखकर लोगों ने सवाल उठाया कि जब इनकी गिनती गौशाला में रहने वाले पशुओं में हो रही है और सरकार इनके रखरखाव के नाम पर धन भी दे रही है, तो फिर ये सड़क पर क्यों भटक रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर घूमते मवेशियों से हादसों का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने इसे लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए मामले की जांच की मांग की है।