शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को रेलबाजार थाना क्षेत्र में वेयरहाउस के पास ट्रक के नीचे आराम कर रहे 60 वर्षीय ट्रक चालक शिव किशोर पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। चालक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाकर उन्हें बचाया। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उधर, जाजमऊ स्थित एमराल्ड गुलिस्तान अपार्टमेंट के रहवासियों ने भी आवारा कुत्तों के आतंक को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि परिसर में घूमने वाले दो आक्रामक कुत्तों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार नगर निगम से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।