सरकारी आवासों में बिजली मीटर नहीं लगवाने पर केस्को के 472 अधिकारियों और कर्मचारियों के जुलाई व अगस्त माह के वेतन पर रोक लगा दी गई है। यूपीपीसीएल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को कर्मचारियों ने केस्को मुख्यालय, सिविल लाइंस में प्रदर्शन कर वेतन जारी करने की मांग उठाई। लेखाधिकारी के साथ हुई वार्ता के दौरान मीटर न लगवाने वाले कर्मचारियों की सूची की जांच की गई, जिसमें 96 कर्मचारी ऐसे मिले जिनके आवासों पर अब तक मीटर नहीं लग सके हैं। कर्मचारियों ने जल्द मीटर लगवाने का आश्वासन देते हुए सभी का वेतन जारी करने की मांग की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक से भी मुलाकात की। यूपीपीसीएल ने स्पष्ट किया है कि मीटर लगाने का उद्देश्य केवल बिजली की वास्तविक खपत का रिकॉर्ड रखना है। इससे कर्मचारियों को मिलने वाली रियायती बिजली सुविधा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। निगम के निर्देशों का पालन न करने पर फिलहाल वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।