कल्याणपुर ब्लॉक के गंभीरपुर गांव में करीब दो दर्जन गांवों के बरसाती पानी की निकासी वाला नाला 15 साल से साफ नहीं होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। करीब 10 फीट चौड़ा नाला जलकुंभी, बक्कड़बेल और जंगली घास से पूरी तरह पटा हुआ है। सफाई न होने से बारिश के दौरान गंभीरपुर गांव के अंदर तक जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुरसौली, मोहनपुर, पेम, बगदौधी बांगर, बामनिहान समेत करीब दो दर्जन गांवों के बरसाती पानी की निकासी इसी नाले से होती है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण नाले की जल निकासी क्षमता प्रभावित हो गई है।