गंगा बैराज स्थित ट्रांस गंगा सिटी के सेक्टर-दो में रविवार को पौधरोपण अभियान चलाया गया। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अर्पणा यादव ने पीपल, बरगद और पाकड़ प्रजाति के पौधों का पूजन कर पौधरोपण किया। साथ ही लोगों से रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस दौरान 550 पौधे रोपे गए। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए लोगों को जागरूक किया। जिले में करीब 66 लाख से अधिक पौधे रविवार को रोपे गए। दोपहर 1:30 बजे राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष पहुंची और पौधरोपण किया। इसके बाद वन विभाग की ओर से बनाए गए सेल्फी प्वाइंट में फोटो खिंचवाई। अपने संबोधन में पौधों को सरंक्षित रखने व देखभाल करने की बात कही। कटरी पीपरखेड़ा स्थित प्राथमिक स्कूल समेत अन्य स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने कहा कि पेड़, पौधे मां की गोद की तरह है। इस मौके पर वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में करीब 66 लाख से अधिक पौधे रविवार को रोपे गए, जिसमें ट्रांस गंगा सिटी में 550 पौधे विभिन्न प्रजातियों के रोपे गए। प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग पनधारी यादव, एमएलसी अरूण पाठक व सदर विधायक पंकज गुप्ता ने भी पौधे रोपे। कार्यक्रम में सीडीओ कृति राज, प्रभागीय निदेश वन प्रभाग स्वाती, जिला अध्यक्ष भाजपा अनुराग अवस्थी मौजूद रहे।