पुरुषोत्तम मास के अवसर पर मॉर्निंग वॉकर ग्रुप की ओर से रविवार को कैंट स्थित मैस्कर घाट पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सदस्यों ने घाट परिसर की सफाई की और स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जागरूकता पोस्टर भी लगाए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। समूह के सदस्य सौरभ महाना ने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक धरोहर है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ बनाए रखने के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है। सौरभ महाना ने बताया कि मॉर्निंग वॉकर ग्रुप का यह प्रयास केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। इसे सतत जनजागरूकता अभियान का रूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि समूह के सदस्य प्रत्येक रविवार को मैस्कर घाट से लेकर नजफगढ़ तक के प्रमुख घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाएंगे और लोगों को गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।