कानपुर प्रीमियर लीग (केपीएल) का उत्साह शहर में देखने को मिल रहा है। सोमवार को केपीएल की ट्रॉफी क्रिकेट प्रेमियों के बीच पहुंची तो लोगों ने उसके साथ सेल्फी ली। ट्रॉफी को सबसे पहले मयूर मिराकिल्स कल्याणपुर की टीम ने अपने विधानसभा क्षेत्र में घुमाया। इससे पहले छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सोमवार को कार्यक्रम हुआ। जहां हजारों छात्रों ने ट्राॅफी के साथ सेल्फी ली। इसके बाद मयूर मिराकिल्स कल्याणपुर की टीम ने ढोल की थाप के साथ सड़कों पर ट्राॅफी का रोड शो निकाला। ट्रॉफी जहां-जहां से गुजरी वहां-वहां का ट्रैफिक थम गया। इस दौरान ट्राॅफी देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा। टीम ने अपने इलाके के दर्शकों से मैच के दौरान ग्रीनपार्क पहुंचकर टीम के सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील भी की।