महाराजपुर में सरसौल पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर स्थित बड़ौदा यूपी बैंक में सोमवार देर रात चोर खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल काटकर भीतर घुसे। चोरों ने बक्से और मेजों में लगे ड्रार के लाॅक को तोड़ा, लेकिन हाथ कुछ न लगने पर भाग गए। मंगलवार सुबह बैंक खुलने पर घटना की जानकारी हुई। डीसीपी पूर्वी के साथ फाॅरेंसिक व सर्विलांस टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए।
सरसौल में बड़ौदा यूपी बैंक की इमारत से सटा शिवनाथ-शिवदास जूनियर हाईस्कूल है। स्कूल के मुख्य गेट के भीतर बैंक की एक खिड़की लगी हुई है। सोमवार देर रात चोर इसी खिड़की में लगी ग्रिल काटकर बैंक में दाखिल हुए। यहां रखे एक बक्से का ताला तोड़ा। इसमें एटीएम रखे हुए थे। कैशियर की मेज में लगे लाकरों को भी तोड़ा, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। हालांकि चोर मुख्य तिजोरी तक नहीं पहुंच पाए। घटना रात 12 बजे से भोर के बीच की होने की आशंका है।