केडीए की प्रस्तावित आवासीय योजना न्यू कानपुर सिटी के लिए सोमवार को अवैध कब्जों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसके तहत जोन एक की टीम ने अवैध तरीके से बनाए गए गेस्ट हाउस को गिरा दिया। मैनावती मार्ग पर हरि प्रसाद गुप्ता, प्रियंका गुप्ता आदि ने शारदाकुटी नाम से करीब 400 वर्ग गज क्षेत्रफल में अवैध गेस्ट हाउस का निर्माण कराया था। गेस्ट हाउस के समीप 150 वर्ग गज क्षेत्रफल में अवैध रूप से बने भवन को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन जोन-1 सत शुक्ला ने किया। उनके साथ सहायक अभियंता संदीप मोदनवाल, अवर अभियंता जर्नादन सिंह, कैलाश सिंह, प्रवर्तन दल, सुरक्षा बल व सुपरवाइजर भी मौजूद रहे। विशेष कार्याधिकारी ने बताया कि अन्य अवैध निर्माणों को भी गिराया जाएगा।