महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नजफगढ़ गांव में करीब 5 वर्षों से अपने माता-पिता के साथ रह रही महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार महिला चांदनी (35) अपनी 8 वर्षीय बेटी पायल तथा पांच वर्षीय बेटी ब्यूटी के साथ अपने पिता रामपाल पासवान तथा मां शांति देवी के साथ मायके में ही रह रही थी। परिजनों ने बताया कि वर्ष 2012 में चांदनी का विवाह नगला सीताराम का पुरवा करहल मैनपुरी के रहने वाले राकेश उर्फ नेता के साथ हुआ था विवाह के बाद से ही पति शराब के नशे में धुत होकर घर आने लगा तथा महिला के साथ मारपीट करने लगा जिससे आजिज होकर करीब 5 वर्ष पहले मृतका अपने गांव वापस लौट आई थी और 1 वर्ष पहले पति राकेश से लिखा पढ़ी में समझौता हो गया था जिसके बाद दोनों ने अलग-अलग रहने का फैसला किया था। रोजाना की भांति महिला घर पर अपनी बेटियों के साथ थी मां शांति देवी खेतों में भूसा लेने गई थी तथा पिता गुजरात में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। मंगलवार की सुबह करीब 10:00 बजे महिला ने मौका पाकर अपनी दोनों बेटियों तथा खुद जहरीला पदार्थ खाकर तड़प तड़प कर जान दे दी।