आरपीएफ और जीआरपी ने शराब तस्करी गैंग का भंडाफोड़ किया है। यह लोग हरियाणा, राजस्थान से शराब तस्करी कर कानपुर आते औश्र यहां से फिर बिहार ले जाकर बेचते थे। गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इनके पास से पिट्ठू बैग और बोरी में 107 लीटर अंग्रेजी शराब की बोतलें मिली हैं। कानपुर सेंट्रल स्टेशन की आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन पाटीदार और जीआरपी प्रभारी ओमनारायण सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि तीन युवक शराब लेकर बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। इस पर टीम लगाकर घेराबंदी की गई। इस दौरान हैरिसगंज पुल के पास तीन युवक पिट्ठू बैग व बोरा लिए आते दिखे। रोका तो भागने लगे। इस पर तीनों को दौड़ा कर पकड़ा गया। तलाशी में शराब की बोतलें मिली तो तीनों को पोस्ट पर लाकर पूछताछ की गई। पकड़े गए तस्कर खगड़िया, बिहार निवासी अनिकेत, राकेश कुमार और बेगूसराय, बिहार निवासी ज्योतिष कुमार हैं। तीनों के खिलाफ जीआरपी थाने में केस दर्जकर जेल भेज दिया गया।