कानपुर के साढ़ कस्बे में गैस सिलिंडर की किल्लत उस समय खुलकर सामने आ गई, जब कृष्णा एचपी गैस सर्विस का एक छोटा पिकअप वाहन डिफेंस कॉरिडोर मोड़ बाजार में सिलिंडर वितरण के लिए पहुंचा। वाहन में मात्र 50 सिलिंडर ही मौजूद थे, लेकिन उन्हें लेने के लिए सैकड़ों उपभोक्ता खाली सिलिंडर लेकर मौके पर जुट गए। देखते ही देखते वहां भीड़ बढ़ती चली गई और सिलिंडर पहले हासिल करने की होड़ मच गई। उपभोक्ताओं के बीच आपाधापी और बहस का माहौल बन गया। कई लोग डिलीवरी वाहन को पकड़कर खड़े हो गए, ताकि गाड़ी आगे न बढ़ सके और उन्हें पहले सिलिंडर मिल सके।