जूही स्थित कबाड़ गोदाम में सोमवार तड़के आग लग गई। अंदेशा है कि आग शार्ट सर्किट की चिंगारी से भड़की। प्लास्टिक और पन्नी के चलते आग तेजी से फैली। आग की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद छह गाड़ी पानी की बौछार कर उस पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से कबाड़ गोदाम के पास बनी झोपड़ी भी जल गई। बिनोवा नगर निवासी माया यादव के घर के सामने प्लाट है। इसमें जूही निवासी मो. आरिफ कबाड़ और परमपुरवा निवासी शेरू बांस का गोदाम बनाए हैं। गोदाम के पास ही कबाड़ बीनने वाले श्रवण और मीना भी झोपड़ी बनाकर रहते थे। मो. आरिफ ने बताया कि सोमवार सुबह करीब पौने सात बजे गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। वह पहुंचे तो पूरा कबाड़ गोदाम धू-धूकर जल रहा था। प्लास्टिक जलने से उठे दम घोंटू धुएं से लोगों का सांस लेना दू भर हो गया। जब तक लोग आग बुझाने के जतन कर पाते आग ने बगल में बने बांस के गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। बांस में आग काफी तेजी से फैली। इस बीच आग की सूचना पर फजलगंज, किदवई नगर और मीरपुर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने की मशक्क्त में जुटे कर्मियों ने तीन तरफ से पानी डालकर आग पर काबू पाया। वहीं आग के चलते श्रवण की झोपड़ी भी जल गई। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात कही गई है।