जिले के कुरसौली गांव की नई बस्ती में स्थित देशी शराब ठेके के बाहर लगाया गया एक अनोखा बैनर इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ठेका संचालक की ओर से लगाए गए इस बैनर पर ‘शराब के शौकीनों के लिए स्वागतम’ लिखा गया है, जिसने स्थानीय लोगों, राहगीरों और ग्रामीणों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लिया है। नहर पटरी मार्ग किनारे आम के पेड़ पर लगाए गए इस बैनर को देखकर जहां कुछ लोग इसे प्रचार का नया तरीका मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे सामाजिक दृष्टि से अनुचित भी बता रहे हैं। क्षेत्र से गुजरने वाले लोग बैनर को देखकर रुक रहे हैं और इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।