कानपुर के व्यस्त जरीब चौकी चौराहे पर लंबे समय से प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण परियोजना को शुक्रवार को औपचारिक शुरुआत मिल गई। सांसद रमेश अवस्थी ने 320 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज का भूमि पूजन किया। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना के अनुसार ओवरब्रिज निर्माण की अवधि लगभग ढाई वर्ष निर्धारित की गई है, लेकिन वास्तविक निर्माण कार्य शुरू होने में अभी कम से कम तीन से चार महीने का समय लग सकता है। देरी की मुख्य वजह निर्माण क्षेत्र के नीचे से गुजर रही गहरी सीवर लाइन है, जिसे अभी तक शिफ्ट नहीं किया जा सका है।