भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा के अवसर पर शुक्रवार को शहर में आस्था और भक्ति का उत्साह देखने को मिला। जनरलगंज स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर बिरजी भगत और किदवई नगर से श्री जगन्नाथ सेवा समिति (दक्षिण) के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्राएं निकाली गईं। रथयात्राओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान के जयकारे लगाए और रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। वहीं श्री जगन्नाथ जी रथ यात्रा महोत्सव के दूसरे दिन धनकुट्टी से श्री जगन्नाथ उमा जगदीश मंदिर की रथयात्रा निकली यात्राओं के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। भजन-कीर्तन और धार्मिक नारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक रथयात्रा में भाग लिया। मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।