बच्चों और युवाओं में पुस्तकों के पठन की आदत को बढ़ावा देने और सार्वजनिक पुस्तकालय सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को बीएनएसडी इंटर शिक्षा निकेतन में राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की बैठक हुई। डीएम ने निर्देश दिए कि पुस्तकालय से दो किलोमीटर की परिधि में स्थित विद्यालयों के विद्यार्थियों को माह में एक बार पुस्तकालय का भ्रमण कराया जाए। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पुस्तकालय की सदस्यता लेने और पढ़ाई से बाहर की किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बुक-अ-मंथ पहल के तहत विद्यालयों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से इतर कम से कम एक पुस्तक पढ़ने के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही, बुके नहीं, बुक अभियान के तहत सामाजिक और सरकारी कार्यक्रमों में पुष्पगुच्छ के स्थान पर पुस्तकें भेंट करने की बात कही। बैठक में पुस्तकालय परिसर के विकास और प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई।