कानपुर- इटावा हाईवे पर रविवार देर रात को अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। कार में आग लगने से दो लोगों की जिंदा जल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर बिग्रेड की मदद से आग बुझाने के बाद शवों की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए हैं। कानपुर- इटावा हाईवे पर रविवार रात एक बजे के करीब औरैया से कानपुर की ओर जा रही कार मुंगीसापुर के भड़पुरा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में आग लग गई। जिससे उसमें सवार दोनों व्यक्ति बाहर नहीं निकल पाए। सूचना पर पहुंचे सीओ डेरापुर धर्मेंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने फायर बिग्रेड की मदद से आग बुझवाई। तबतक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार फॉक्सवैगर वेंटो कार दिल्ली के क्वार्टर नंबर 181 सेक्टर तीन, आरकेपुरम नई दिल्ली निवासी समीर सिंह पुत्र संजीव सिंह के नाम पर पंजीकृत है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव पूरी तरह से जल जाने की वजह से शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसा व आग लगने की स्पष्ट वजह जानने व शव की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।