नए साल के जश्न के लिए शहर के बेकरी, मिठाई कारोबारियों की दुकानों में बुधवार को अलग-अलग फ्लेवर वाले केक की जबरदस्त बिक्री हुई। सबसे ज्यादा चॉकलेट केक मांग में रहा। देररात तक ग्राहक खरीदारी करते रहे। किराना दुकानदारों ने भी दुकानों के आगे स्टाल लगाकर इनकी बिक्री की। इस बार सबसे ज्यादा हैंड बुके की मांग देखी गई। एक रोज स्टिक 30 रुपये और अन्य रंग वाले गुलाब की स्टिक 40 रुपये में बिकी। हालांकि, गुरुवार को भावों में अंतर दिख सकता है। साकेतनगर में केक और पेस्ट्री का कारोबार करने वाले दीपक सिंघवानी ने बताया कि केक और पेस्ट्री की बहुत अच्छी मांग है। बिना अंडे वाले केक की ही मांग है। कानपुर होटल, गेस्ट हाउस, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के महामंत्री राजकुमार भगतानी ने बताया कि 31 दिसंबर से दो जनवरी के बीच पांच करोड़ के कारोबार का अनुमान है। फूलों के बुके कारोबारी मनोज जयसवाल ने बताया कि इस बार 200 से 2000 रुपये तक बिक रहे हैंड बुके की मांग अधिक है। पिछले साल बास्केट बुके की मांग थी। है। गुरुवार को अच्छे व्यापार की उम्मीद है।