शनिवार दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश के बाद कल्याणपुर ब्लॉक के बगदौधी बांगर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का परिसर जलाशय में तब्दील हो गया। विद्यालय परिसर में करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भर जाने से पूरे परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, हर बारिश के बाद विद्यालय में इसी तरह पानी भर जाता है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। जलभराव के कारण बच्चों और शिक्षकों को विद्यालय आने-जाने में दिक्कत होती है, वहीं पढ़ाई भी प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान छात्रों को परेशानी का सामना न करना पड़े।