घाटमपुर के सजेती कस्बे में नेशनल हाईवे के किनारे बने एक मकान के सामने से चोर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चुरा ले गए। यह घटना तब हुई जब पुलिस उसी सड़क पर गश्त कर रही थी। कस्बे के निवासी दयाशंकर बाजपेई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी हुई थी, जो अभी तक नहीं मिली। इसी डर से उन्होंने अपना ट्रैक्टर-ट्रॉली रात में घर के दरवाजे के ठीक सामने खड़ा किया था। शनिवार की रात, जब परिवार के लोग सो रहे थे, चोर चुपके से आए और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए। दयाशंकर ने बताया कि उनके घर पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसमें चोरी की पूरी घटना कैद हो गई है। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।