गोविंदनगर वार्ड-7 स्थित जेपी कॉलोनी, हलवा खेड़ा में एक महीने से लोग पानी की किल्लत झेल रहे हैं। नलों से पानी नहीं आया है। कॉलोनी टंकी सूखी पड़ी हैं। जलकल विभाग में शिकायत करने पर आश्वासन देकर लाैटा देते हैं। लोग पड़ोसियों के घर में लगे सबमर्सिबल से पानी भरकर काम चला रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत के बाद दो-तीन दिन पानी आता है फिर सप्लाई बंद हो जाती है। महिलाओं का कहना है कि जल संस्थान में समस्या बताई और प्रदर्शन भी किया लेकिन अधिकारी आश्वासन देकर टरका देते हैं। कुछ परिवारों ने चंदा कर निजी पंप लगवाए हैं। क्षेत्रीय पार्षद अनिल यादव ने बताया कि एक लाइन बंद होने से समस्या हुई है। फाॅल्ट नहीं मिल रहा है। चरण सिंह काॅलोनी में प्रेशर से पानी आ रहा है अब वहीं से एक लाइन डलवाई जा रही है। दो-तीन दिन में समस्या हल हो जाएगी। जोन-5 गोविंदनगर जलकल विभाग के अवर अभियंता विनोद रावत का कहना है कि नई पाइप लाइन डाली जा रही है। समय लगेगा लेकिन जल्द ही कॉलोनी के लोगों को पानी मिलने लगेगा।