नगर में नहर पुल पर रविवार शाम को दोनों तरफ से एक साथ वाहन आने से जाम लग गया। करीब दो घंटे तक जाम में वाहन सवार जूझते रहे। पुलिस ने एक तरफ से वाहनों को निकलवा कर किसी तरह से जाम खुलवाया। भाई दूज पर्व पर नगर में भीड़ अधिक रही। रविवार शाम करीब 4 बजे झींझक नहर पुल पर दोनों तरफ से एक साथ कई वाहन पहुंच गए। इससे वाहन फंस गए और जाम लग गया। कुछ देर में दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले वाहनों को पीछे कराया। इसके बाद एक तरफ से वाहनों को निकलवाना शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम 6 बजे नहर पुल पर जाम खुल सका। जाम की वजह से लोगों को खासी परेशानी हुई। इस दौरान पैदल राहगीर भी नहीं निकल सके।