कोतवाली गंगाघाट के पश्चिमी पुलिस चौकी क्षेत्र में पति ने पत्नी से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। जिसका पत्नी ने विरोध किया। गुस्साए पति ने पत्नी की जमकर बेलन से पिटाई कर दी। बीच बचाव करने के लिए पड़ोस में रहने वाली साली आई तो उसे भी पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। मोहल्ला चंपापुरवा निवासी 28 वर्षीय पुष्पा देवी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम पति शराब के नशे में आए और गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगे। जिसका उन्होंने विरोध किया। तो पति ने किचन में रखे बेलन से उनकी पिटाई कर दी। जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बीच-बचाव करने के लिए पड़ोस में रहने वाली उसकी छोटी बहन 25 वर्षीय रामादेवी आईं तो उसे भी पीटकर घायल कर दिया। आस पड़ोस के लोग पहुंचे तो जान बची। पुलिस के आने के डर से पति भाग निकला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।