शिवराजपुर और चौबेपुर क्षेत्र में रविवार को तेज बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अचानक बदले मौसम ने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। ग्रामीण इलाकों में दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में ओले गिरने लगे, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं, सब्जियों और अन्य फसलें प्रभावित हो गईं। किसानों का कहना है कि ओलावृष्टि के कारण फसलें झुक गईं और कई जगहों पर पूरी तरह खराब हो गई हैं। स्थानीय किसानों के अनुसार, इस समय फसल कटाई का दौर चल रहा था और ऐसे में हुई बारिश व ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत पर असर डाला है। कई किसानों ने बताया कि उन्होंने बड़ी उम्मीदों के साथ खेती की थी, लेकिन मौसम की मार ने उनकी तैयार फसल को नुकसान पहुंचा दिया।