मिश्रा कॉलोनी छोर से एक माह पहले शुरू हुई गंगा नदी की कटान अब आनंद घाट सीताराम कॉलोनी छोर तक पहुंच गई है। कटान के कारण गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतें हो रही हैं। साथ आसपास बसे लोगों में दहशत है। वहीं, सिंचाई विभाग का कहना है कि बालू में होने वाली कटान को रोकना मुश्किल है। कटान के कारण कई बीघा रेती की जमीन नदी में बह गई है। मिश्रा कॉलोनी के शिव बाबा घाट से शुरू हुआ कटान पुरानी बाजार स्थित बालू घाट से रेलवे पुल होकर आनंद घाट सीताराम कॉलोनी छोर तक पहुंच गई है। ऐसे में तीनों घाटों पर गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतें हो रही हैं। तीनों मोहल्लों में रहने वाले लोग भी कटान को लेकर दहशत में है। लोगों का कहना है कि सिर्फ 20 मीटर कटान आबादी से दूर रह गई है। उधर, सिंचाई विभाग के एक्सईएन गगन शुक्ला ने बताया कि 15 दिन पहले कटान प्रभावित क्षेत्र में बल्लियों की बैरिकेडिंग कराने के साथ झाड़-झंखाड़ डलवाए गए थे। कटान न थमने पर जेसीबी की मदद से स्लोब बनाया गया, लेकिन कटान इसके बाद भी नहीं रूकी। बालू वाले स्थान पर जियो बैग नहीं डाले जा सकते है, अब और कोई विकल्प कटान रोकने के लिए नजर नहीं आ रहा है। फिर भी एक-दो दिनों में स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा, शायद कोई उपाय निकाल लिया जाए।