गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज न होने के कारण यात्रियों को जान जोखिम में डालकर रेल पटरी पार कर निकलना पड़ रहा है। जबकि रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव पास हो चुका है और अनुमति भी मिल चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य में विलंब हो रहा। गंगाघाट रेलवे स्टेशन से रोजाना करीब पांच हजार यात्रियों का आवागमन है। 20 पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है। अप व डाउन मिलाकर चार रेल पटरियों से रेल संचालन यहां से है। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के नजदीक होने से कई अन्य प्रमुख ट्रेनें भी यहां अक्सर रूकती हैं। ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों को फुट ओवर ब्रिज न बने के कारण रेल पटरियों को पार कर जाना पड़ता है। ऐसे में बच्चें, बुजुर्ग और महिलाओं को अधिक दिक्कतें हो रही है। स्टेशन अधीक्षक शकील ने बताया कि फुट ओवरब्रिज को अमृत भारत रेल स्टेशन योजना से जोड़ा गया है। कार्यदायी एजेंसी की ओर से कार्य धीमी गति से कराया जा रहा, जिस कारण कार्य अब तक शुरू नहीं हो सका है।