भीतरगांव-घाटमपुर मार्ग पर भदेवना और बेहटा-बुजुर्ग गांव के बीच सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा पलटी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। मोड़ पर चालक नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे सड़क किनारे खंती में जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीछे से आ रहे अन्य वाहनों के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और खतरनाक मोड़ों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई।