गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में गुरुवार को प्रशासन ने चार बीघा सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस जमीन पर माफिया ने कब्जा कर प्लाटिंग करा रखी थी। प्लाटिंग की बाउंड्रीवाल को ढहा दिया गया। साथ ही वहां सरकारी जमीन होने का बोर्ड लगाया गया। कब्जा खाली कराने के दौरान भारी पुलिस फोर्स मौजूद रहा। एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी गुरुवार की शाम राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंची। हरिहरपुर गांव स्थित गाटा संख्या 62 से 66 के बीच की राजस्व विभाग के अभिलेखों में रेती में दर्ज 21 बीघा सरकारी जमीन में से चार बीघा कब्जा मुक्त कराई। इसकी कीमत करीब 56 लाख रुपये आंकी गई है। एसडीएम ने बताया कि बुधवार को 13 बीघा सरकारी जमीन पहले ही मुक्त कराई जा चुकी है। अभी चार बीघा सरकारी जमीन यहां और मुक्त कराई जानी है, जिस पर जल्द कार्रवाई होगी। इस दौरान तहसीलदार अर्सला नाज, नायब तहसीलदार पूर्णिमा तिवारी, लेखपाल अशोक सैनी आदि मौजूद रहे।