बिजली आपूर्ति में अनियमितता से नाराज किसानों ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष विनय यादव के नेतृत्व में ककवन स्थित कुरौली विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया। किसानों और सपाइयों ने सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए मांग के अनुरूप बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों ने नारेबाजी करते हुए विद्युत विभाग के कर्मचारियों को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त और निर्धारित समय पर बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इन दिनों क्षेत्र में धान की रोपाई और सिंचाई का कार्य बड़े पैमाने पर चल रहा है, लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर सिंचाई न होने से फसल प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई।