यशोदा एलीवेटेड हाईवे पर शनिवार दोपहर आगे चल रहे डंपर के अचानक ब्रेक लगाने से लोहे की चादर के रोल लदा ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रेलर पहले डंपर और फिर डिवाइडर से जा भिड़ा। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से डंपर व ट्रेलर को हटवाया, तब जाकर यातायात सुचारु हो सका। बिहार के दरभंगा भालपट्टी निवासी ट्रेलर चालक सुनील झा ने बताया कि वह ओडिशा से लोहे की चादर के रोल लादकर राजस्थान भिवाड़ी जा रहे थे। यशोदा नगर एलिवेटेड के पास आगे चल रहे डंपर ने ब्रेक लगा दी। इससे ट्रेलर उससे टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। नौबस्ता थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।