ब्रिटिश हुकूमत में गंगा नदी पर बना पुराना गंगापुल जर्जर होने के बाद एक हिस्सा ढह चुका है। पुल की एक और कोठी में गहरी दरार पड़ गई है। इससे पुल के आसपास रहने वालों के लिए खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए पालिका ने पुल के नीचे अवैध कब्जा कर 20कच्चे-पक्के निर्माण कर रहने वाले परिवारों को कब्जा खाली करने के लिए मुनादी कराई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में आठ कब्जों को खाली कराया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, जिन्हें पुलिस ने शांत कराया। बाकी परिवारों को हिदायत दी गई है कि 24 घंटे बाद कब्जों को जेसीबी से हटाया जाएगा।