बिठूर के ऐतिहासिक ब्रह्मवर्त घाट पर गंगा में नाले का गंदा पानी गिरने से श्रद्धालुओं की आस्था पर चोट पहुंच रही है। सावन माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं लेकिन घाट पर नाले का पानी सीधे गंगा में मिलने से लोगों में नाराजगी है। एक ओर गंगा की स्वच्छता के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ब्रह्मवर्त घाट पर खुलेआम नाले का पानी गिरना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इससे गंगा का जल प्रदूषित होने के साथ ही स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।