जाजमऊ गंगा पुल के खस्ताहाल कानपुर-लखनऊ लेन पर एनएचएआई की ओर से मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा। गुरुवार को एनएचएआई के क्षेत्रीय प्रबंधक गौतम विशाल, चीफ प्रोजेक्टर मैनेजर पंकज कुमार व डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर उत्कर्ष तिवारी ने निरीक्षण किया। कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बताया गया कि पुल के निचले हिस्से में पाड़ और झूले के सहारे मरम्मत कार्य कराया जाएगा। जबकि पुल की टूटफूट सही करने के लिए कई तरह के केमिकल इस्तेमाल किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुल पर बनी दरारों व बेयरिंग डैमेज की हकीकत परखी। कार्यदायी एजेंसी के सुपरवाइजर श्रीपति ने बताया कि शुक्लागंज छोर पर जाजमऊ गंगा पुल का मरम्मत कार्य नासिक की रिहेवीटेशन कंस्ट्रक्शन कंपनी करा रही। पुल के निचले भाग में पाड़ बांधने के लिए अभी 22 मजदूर लगे हैं। यदि नदी में पानी बढ़ता है तो झूले के सहारे काम किया जाएगा। पुल की सामान्य टूटफूट सही करने के लिए ई-पॉक्सी केमिकल लगाया जाएगा। अधिक क्षतिग्रस्त स्थानों पर माइक्रो कंक्रीट लगाई जाएगी। पुल की ऊपरी सतह उखाड़ी जाएगी, इसके बाद सरिया का जाल बांधा जाएगा। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के इंजीनियर आयुष कुमार, मैनेजर सुधीर नैथानी व साइड इंजीनियर विनय यादव आदि मौजूद रहे।