गंगा नदी का जलस्तर सामान्य हुए पखवाड़े भर से ज्यादा बीत चुका है। लेकिन कई मोहल्लों व गांवों में अभी भी बाढ़ का पानी भरा है। इसकी वजह से लोगों की दुश्वारियां बरकरार हैं, आवागमन में काफी दिक्कत हो रही। गजियाखेड़ा गांव का संपर्क मार्ग कटने से दो हजार की आबादी प्रभावित है। गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने से कई मोहल्लों और गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया था। जलस्तर कम होने के बाद भी कई क्षेत्रों में जलभराव होने के कारण लोगों को आवागमन की दिक्कत हो रही है। साथ ही गंदगी व जलभराव से संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सता रहा है। गजियाखेड़ा संपर्क मार्ग पर अभी भी दो से तीन फिट तक पानी भरा है, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त होकर कट गई है।