कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में ‘नो हेलमेट-नो एंट्री’ अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को सख्ती देखने को मिली। बिना हेलमेट विश्वविद्यालय पहुंचे 30 से अधिक छात्रों, 10 कर्मचारियों और दो शिक्षकों को चेतावनी देकर प्रवेश द्वार से वापस लौटा दिया गया। विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी डॉ. अंकित त्रिवेदी ने बताया कि दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों पर प्रोक्टोरियल टीम और सुरक्षा कर्मियों ने पूरे दिन अभियान का कड़ाई से पालन कराया। बिना हेलमेट आने वाले किसी भी दोपहिया वाहन चालक को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। सोमवार को अभियान की शुरुआत के दौरान कई छात्र बिना हेलमेट परिसर में प्रवेश कर गए थे। इसके बाद मंगलवार से सख्ती बढ़ा दी गई। कुलानुशासक डॉ. शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए मुख्य प्रवेश द्वार के पास हेलमेट बिक्री का स्टॉल भी लगाया गया, जहां कई लोगों ने हेलमेट खरीदकर नियमों का पालन किया।