चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार की शाम कूष्मांडा देवी मंदिर परिसर में आयोजित दीपदान श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। पूजा-अर्चना कर महाआरती में शामिल होने के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर और सरोवर में दीपदान किया। अनगिनत झिलमिलाते दीपों की अद्भुुत छटा देखते ही बन रही थी। इस दौरान मां कूष्मांडा के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। दीपदान में शामिल होने के लिए दोपहर से दूर-दूर से पुरुष-महिलाएं व बच्चे मंदिर परिसर में पहुंचने लगे। कूष्मांडा देवी की पूजा अर्चना करने के बाद श्रद्धालु शाम को महाआरती में शामिल हुए। इसके बाद मुख्य ज्योति जयकारों के बीच मंदिर परिसर में पहुंची। परिक्रमा के बाद पहला दीप प्रज्ज्वलित होते ही मंदिर व परिसर में ही स्थित तालाब में भक्तों ने दीपदान शुरू किया। देखते ही देखते चारों ओर हजारों दीप जगमगाने लगे। तालाब में तैरते झिलमिलाते दीपों की पंक्ति लोगों का मन मोह रही थी। ज्यादा से ज्यादा दीप जलाने की भक्तों के बीच होड़ मची रही। पूरे परिसर में जिसे जहां खाली जगह मिलती, वहीं दीप जलाकर अपनी श्रद्धा प्रकट करते रहे। पूरा मंदिर परिसर मां कूष्मांडा के जयकारों से गूंजता रहा। विधायक सरोज कुरील व नवमनोनीत भाजपा जिला मंत्री अंजली तिवारी ने भी मंदिर परिसर में पहुंचकर दीपदान किया। इस मौके पर सभासद विवेक शुक्ला, सत्यम चौहान आदि मौजूद रहे।