रतनलाल नगर स्थित जैना पैलेस में सोमवार को लोगों ने हरे पेड़ काटे जाने पर क्षेत्रीय पार्षद के साथ हंगामा किया। पार्षद व स्थानीय दुकानदारों ने डीसीपी दक्षिण से मामले की शिकायत की है। रतन लाल नगर के पार्षद नीरज गुप्ता और दबौली के पार्षद पति गुंजन लाल शर्मा ने बताया कि एक बिल्डर पिछले डेढ़ साल से जैना पैलेस के दुकानदारों पर दुकानें खाली करने का दबाव बना रहा है। व्यापारियों ने गोविंदनगर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह जब व्यापारी दुकान खोलने पहुंचे तो देखा कि वहां पेड़ कटे पड़े थे। खुद को केयरटेकर बताने वाला एक व्यक्ति वहां खड़े होकर पेड़ कटवा रहा था। लोगों ने विरोध करते हुए अनुमति दिखाने को कहा। इस पर उसने धमकी दी। लोगों के नारेबाजी करने पर केयरटेकर और उसके साथी भाग निकले। डीसीपी साउथ आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि गोविंदनगर थानाप्रभारी को जांच के आदेश दिए गए हैं।